दबंगों ने पिछड़ा वर्ग की बरात रोकी, लाइट बंद कर दूल्हे को घोड़ी से गिराया, पथराव

पुलिस वाहन पर भी किया हमला, 5 घायल, महिलाओं से भी की धक्का-मुक्की


आगर मालवा. दबंगों ने पिछड़ा वर्ग के युवक की बरात (बिनोली)को अपने घर के सामने से नहीं निकलने दिया। घोड़ी पर बैठे दूल्हे को अचानक बिजली बंद होने पर किसी ने गिरा दिया। बरात पर पथराव किया। यह घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई। इसमें पुलिस वाहन के कांच फूट गए। पांच लोग घायल हुए हैं। घटना शनिवार रात की है। रविवार को भारी पुलिस बल के बीच बरात को रवाना किया। पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करके चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना बड़ौद थाना अन्तर्गत गांव भदवासा की है। जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र परमार की शनिवार को भदवासा गांव में बरात (बिनोली) निकाली जा रही थी। इसका दबंगों ने विरोध शुरू कर दिया। जब धर्मेंद्र के परिजनों ने उनसे आग्रह किया तो उन्होंने घोड़ी के स्थान पर मोटर साइकिल से दूल्हे को निकालने की सलाह दी। धर्मेंद्र के परिजन नहीं माने। उन्होंने मामले की सूचना डायल 100 को दी। पुलिस पहुंची और बरात निकाली जाने लगी। इसी बीच इलाके की बिजली बंद हो गई। कुछ लोगों ने धर्मेद्र को घोड़ी से नीचे गिरा दिया। बरात में शामिल महिलाओं से धक्का मुक्की करते हुए पथराव किया। इसमें पुलिस वाहन का कांच टूट गया। पांच लोगों को चोट आई। रविवार को एसडीओपी एसआर पाटीदार व टीआई राजीव उइके फोर्स लेकर पहुंचे और उन्होंने बरात को राजस्थान (आवर पगारिया) के लिए रवाना किया। धर्मेद्र बंधन बैंक की तराना शाखा में नौकरी करता है। पुलिस की मौजूदगी में बरात का खाना हुआ, गांव में स्थिति नियंत्रण में रहे इसलिए पुलिस बल को तैनात किया गया है।